Author: Georgi Plekhanov / गिओर्गिय प्लेख़ानोव

गिओर्गिय प्लेख़ानोव(1856–1918) मार्क्सवाद के सिद्धान्त तथा इतिहास, दर्शनशास्त्र, समाजशास्त्र, राजनीतिक अर्थशास्त्र, रूसी और विश्व सामाजिक विचारों के इतिहास, साहित्यिक समीक्षा, सौन्दर्यशास्त्र आदि के बारे में लिखा। 1883 में प्लेख़ानोव ने अन्य रूसी प्रवासियों के साथ मिलकर जेनेवा में पहले मार्क्सवादी ग्रुप ‘श्रम मुक्ति दल’ की स्थापना की। नरोदवाद (रूसी निरंकुश राजशाही-ज़ारशाही के विरुद्ध आमजन का क्रान्तिकारी और समाजवादी आंदोलन) के संघर्ष के दौर (1883–1903) में ही प्लेख़ानोव ने अपनी सर्वोत्तम दार्शनिक तथा समाजशास्त्रीय कृतियों की रचना की, जिनमें उन्होंने मार्क्सवाद के सिद्धान्तों का शानदार ढंग से प्रतिपादन किया। 19वीं शताब्दी के अन्तिम दशक में प्लेख़ानोव ने ही एदुआर्द बर्नस्टीन तथा कोनराड श्मिद्त द्वारा आरम्भ किये गये मार्क्सवाद के संशोधन पर, मार्क्स तथा एंगेल्स के क्रान्तिकारी सिद्धान्त के स्थान पर सुधारवाद प्रतिष्ठापित करने की उनकी कोशिशों पर सबसे पहले प्रहार किया था।
1903 के बाद प्लेख़ानोव का रुझान मेंशेविज़्म की ओर हो गया, उस समय यह रूसी सामाजिक-जनवाद में अवसरवादी प्रवृत्ति थी, जिसके कारण उनसे समकालीन घटनाओं का मूल्यांकन करने में कई ग़लतियां हुईं, जिनके लिए लेनिन ने उनकी कटु आलोचना की। फिर भी प्लेख़ानोव की दार्शनिक कृतियों के बारे में लेनिन ने 1921 में लिखा : “मैं पार्टी के नौजवान सदस्यों के हितार्थ यह बताना आवश्यक समझता हूँ कि आप प्लेख़ानोव की तमाम दार्शनिक कृतियों का अध्ययन – और मेरा मतलब अध्ययन से ही है – किये बिना असली, बुद्धिमान कम्युनिस्ट बनने की आशा नहीं कर सकते क्योंकि मार्क्सवाद के बारे में इनसे बेहतर संसार में और कहीं नहीं लिखा गया है।”
‘इतिहास के अद्वैतवादी दृष्टिकोण का विकास’ शीर्षक कृति 1895 में सेंट पीटर्सबर्ग में न० बेल्तोव के छद्मनाम से क़ानूनी तौर पर प्रकाशित हुई। सेंसरशिप के कारण प्लेख़ानोव ने पुस्तक को उनके ही शब्दों में “इरादतन भोंडा” नाम दिया। “अद्वैतवादी” शब्द मानो इतिहास के द्वैतवादी दृष्टिकोण का प्रतिवाद करने के लिए इस्तेमाल किया गया था। इस शब्द से दार्शनिक समस्याओं के प्रति भौतिकवादी दृष्टिकोण का आभास नहीं होता था – ज़ारशाही रूस में भौतिकवादी दर्शन का प्रचार निषिद्ध था। ‘इतिहास के अद्वैतवादी दृष्टिकोण का विकास’ प्लेख़ानोव की सर्वोत्तम कृतियों में से है। यह पुस्तक मार्क्सवादी दर्शन के मुख्य लक्षणों का पर्याप्त रूप से पूरा वृत्तान्त प्रस्तुत करती है।